
भटाना/सिरोही। सिरोही जिले की भटाना ग्राम पंचायत क्षेत्र में भूत बंगला (मुख्य चौराहा) से गुजरात बॉर्डर तक सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। करीब 10 वर्षों से सड़क निर्माण अधूरा पड़ा होने के कारण आमजन और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि यह मार्ग राजस्थान और गुजरात को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है, जहां से प्रतिदिन हजारों छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। बावजूद इसके सड़क की हालत लगातार खराब होती जा रही है और जिम्मेदार विभाग तथा जनप्रतिनिधि इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, सड़क निर्माण का कार्य वर्षों पहले शुरू हुआ था, लेकिन लगभग 2 किलोमीटर का हिस्सा आज भी अधूरा पड़ा है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे और टूटी सतह के कारण दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। बरसात और गर्मी के मौसम में स्थिति और भी खराब हो जाती है।
भटाना सरपंच एवं जिला कांग्रेस संगठन महासचिव भवानी सिंह ने बताया कि सड़क निर्माण को लेकर कई बार लिखित और मौखिक शिकायतें दी जा चुकी हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व विधायक जगसीराम कोली और वर्तमान सांसद को भी कई बार इस समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका।
वहीं रेवदर विधायक Motiram Koli ने बताया कि भटाना से कपाछिया बॉर्डर तक सड़क निर्माण प्रस्ताव राज्य सरकार को भेज दिया गया है। स्वीकृति मिलते ही सड़क निर्माण कार्य शुरू करवाया जाएगा।
ग्रामीणों ने जल्द सड़क निर्माण शुरू नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी भी दी है। लोगों का कहना है कि लंबे समय से उपेक्षित यह सड़क अब क्षेत्रवासियों के लिए बड़ी समस्या बन चुकी है।