राजा राममोहन राय जयंती पर बिबियापुर में भव्य समारोह, पत्रकारों और समाजसेवियों का हुआ सम्मान

सूरतगंज बाराबंकी संदेश महल
समाज सुधार, शिक्षा और मानव सेवा के संदेश के साथ महान समाज सुधारक, शिक्षाविद, चिंतक एवं आधुनिक भारत के जनक कहे जाने वाले राजा राममोहन राय की जयंती पर शुक्रवार को पूर्व माध्यमिक विद्यालय बिबियापुर में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन हृयूमन वेलफेयर एंड चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा आयोजित किया गया, जिसमें पत्रकार सम्मान समारोह भी आकर्षण का केंद्र रहा। समारोह में सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी, शिक्षक, पत्रकार, समाजसेवी एवं क्षेत्र के सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया। इसके बाद उपस्थित लोगों ने राजा राममोहन राय के बताए मार्ग पर चलने तथा समाज में शिक्षा, समानता और मानवता के मूल्यों को बढ़ावा देने का संकल्प लिया।
मुख्य अतिथि आदर्श संस्कृति समाज सेवा संस्थान के अध्यक्ष रामशंकर वर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि राजा राममोहन राय ने उस दौर में समाज में फैली कुरीतियों, अंधविश्वास और सामाजिक भेदभाव के खिलाफ आवाज उठाई, जब ऐसा करना बेहद कठिन माना जाता था। उन्होंने सती प्रथा के खिलाफ आंदोलन चलाकर महिलाओं को सम्मान और अधिकार दिलाने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि राजा राममोहन राय केवल एक व्यक्ति नहीं बल्कि एक विचारधारा थे, जिनके विचार आज भी समाज को नई दिशा देने का कार्य कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि आज समाज को फिर से जागरूकता, शिक्षा और सामाजिक एकता की आवश्यकता है। यदि युवा वर्ग उनके आदर्शों को अपने जीवन में उतारे तो समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाया जा सकता है।
कार्यक्रम का संचालन राममिलन रावत ने प्रभावशाली शैली में किया। उन्होंने कार्यक्रम को सुव्यवस्थित ढंग से संचालित करते हुए सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत किया।
इस अवसर पर डॉ. अनिल कुमार वर्मा ने कहा कि शिक्षा ही समाज को आगे बढ़ाने का सबसे बड़ा माध्यम है और राजा राममोहन राय ने आधुनिक शिक्षा की नींव मजबूत करने का कार्य किया। शिक्षक दीपनारायण ने कहा कि समाज में फैली बुराइयों को समाप्त करने के लिए युवाओं को आगे आना होगा। वहीं अवनीश कुमार वर्मा ने सामाजिक एकता और मानव सेवा को वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बताया।कार्यक्रम के दौरान आयोजित पत्रकार सम्मान समारोह में क्षेत्र में निष्पक्ष, निर्भीक और जनहित पत्रकारिता करने वाले पत्रकारों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में दीपक शरल, सत्यवान पाल, मनीष कुमार, सत्यप्रकाश नाग, अमित कुमार, रुपेश मिश्रा एवं धनंजय मिश्रा सुनीत मिश्रा, रामनरेश यादव सहित कई पत्रकार शामिल रहे। वक्ताओं ने कहा कि पत्रकार समाज का आईना होते हैं और लोकतंत्र को मजबूत बनाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
इसके साथ ही सामाजिक एवं जनहित कार्यों में सक्रिय लोगों को भी सम्मानित किया गया। इस अवसर पर केयर चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष अकुल कुमार वर्मा, गौरव कुमार वर्मा, उचित दर विक्रेता आशीष कुमार वर्मा, रोहित शुक्ला, विजय कुमार वर्मा, सुनीत कुमार मिश्र, रामनरेश यादव, राजपाल एवं रमेश चंद्र वर्मा सहित कई गणमान्य लोगों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया।
समारोह के दौरान सामाजिक एकता, शिक्षा जागरूकता एवं मानव सेवा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई। उपस्थित लोगों ने ट्रस्ट द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों की सराहना की और भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने की आवश्यकता बताई।
कार्यक्रम के अंत में ह्यूमन वेलफेयर एंड चैरिटेबल ट्रस्ट के प्रेसिडेंट जयप्रकाश रावत ने सभी अतिथियों, पत्रकारों, शिक्षकों, समाजसेवियों एवं क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ट्रस्ट हमेशा समाजहित और मानव सेवा के कार्यों के लिए प्रतिबद्ध रहेगा तथा शिक्षा, जागरूकता और सामाजिक सहयोग के माध्यम से लोगों को जोड़ने का कार्य करता रहेगा।
पूरे कार्यक्रम में उत्साह, सामाजिक सौहार्द और जागरूकता का वातावरण देखने को मिला। समारोह में क्षेत्र के सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।