घनश्याम त्रिपाठी
संतकबीरनगर संदेश महल समाचार
जनपद में आगामी पल्स पोलियो अभियान के सफल संचालन के लिए शनिवार को जिलाधिकारी आलोक कुमार ने जूनियर हाईस्कूल, खलीलाबाद के प्रांगण से जनपद स्तरीय जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में स्कूली बच्चों तथा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बच्चों ने बैंड-बाजे और जागरूकता नारों के साथ लोगों को पल्स पोलियो अभियान के प्रति जागरूक किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी आलोक कुमार ने कहा कि जन-जागरूकता और आमजन के सहयोग से ही पोलियो जैसी गंभीर बीमारी पर प्रभावी नियंत्रण संभव हो सका है। उन्होंने सभी अभिभावकों से अपील की कि 28 जून 2026 को आयोजित बूथ दिवस पर अपने 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलाकर अभियान को सफल बनाएं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रामानुज कनौजिया ने बताया कि जनपद में 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के 3,11,141 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए जिले के नौ विकास खंडों में 858 बूथ, खलीलाबाद नगर क्षेत्र में 27 बूथ, 489 हाउस-टू-हाउस टीमें, 28 ट्रांजिट टीमें तथा 13 मोबाइल टीमें तैनात की गई हैं। ये टीमें 29 जून से 3 जुलाई 2026 तक घर-घर जाकर छूटे हुए बच्चों को पोलियो की दवा पिलाएंगी।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी ने गर्मी के मौसम को देखते हुए सभी बूथों का समय से संचालन सुनिश्चित करने तथा वैक्सीन की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए कोल्ड चेन व्यवस्था का कड़ाई से पालन करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।