महाराज गंज संदेश महल समाचार
स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर महराजगंज में भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। जिले से लगी करीब 84 किलोमीटर लंबी सीमा पर सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट कर दिया गया है।
सोनौली बॉर्डर पर एसएसबी और पुलिस आने-जाने वाले लोगों, वाहनों और सामान की सघन तलाशी ले रही है। सीमा क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरों और डॉग स्क्वायड के जरिए निगरानी बढ़ा दी गई है। नेपाल से भारत आने वाले लोगों पर भी विशेष नजर रखी जा रही है।
इसके अलावा भीड़भाड़ वाले इलाकों में विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल और पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी सोनौली पहुंचे।
अधिकारियों ने एसएसबी और खुफिया एजेंसियों के साथ बैठक कर सीमा सुरक्षा की समीक्षा की। डीएम और एसपी ने सभी सुरक्षा एजेंसियों को आपसी समन्वय बढ़ाने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
अधिकारियों के मुताबिक, स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए सीमा क्षेत्र में सुरक्षा एजेंसियां ग्राउंड लेवल पर पूरी तरह अलर्ट रहेंगी।