मालगांव को बड़ी सौगात- सड़क के लिए ₹2.08 करोड़ मंजूर विधायक मोतीराम कोली का भव्य स्वागत

हीराराम सैन सिरोही राजस्थान संदेश महल समाचार

सिरोही जिले के मालगांव के ग्रामीणों के लिए सोमवार, 10 अगस्त को खुशी का दिन रहा। गांव से प्रसिद्ध गणेश मंदिर तक डामरीकरण सड़क निर्माण के लिए 2 करोड़ 8 लाख रुपये की बजट स्वीकृति मिलने पर रामदेव जी मंदिर परिसर में ग्रामीणों की ओर से स्वागत एवं धन्यवाद बैठक आयोजित की गई।
बैठक में विधायक मोतीराम कोली का ग्रामीणों ने पारंपरिक राजस्थानी साफा बांधकर और फूलमालाओं से स्वागत किया। इस दौरान कांग्रेस कमेटी के महिपेंद्र सिंह देवड़ा रोहुआ और हर्षुल अग्रवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों का भी ग्रामीणों ने अभिनंदन किया।
कार्यक्रम में क्षेत्र के भामाशाह भावाराम भीखाराम चौधरी की ओर से ग्रामीणों और अतिथियों के लिए स्वल्पाहार की व्यवस्था की गई।
रास्ते की तकनीकी अड़चन दूर करने की मांग
स्वागत समारोह के बाद ग्रामीणों ने विधायक मोतीराम कोली और महिपेंद्र सिंह देवड़ा को ज्ञापन सौंपकर गांव की एक अन्य समस्या से अवगत कराया। ग्रामीणों ने बताया कि पुराने स्कूल से मुख्य आम सड़क तक जाने वाला पारंपरिक रास्ता राजस्व रिकॉर्ड में ‘बिला नाम’ सरकारी भूमि के रूप में दर्ज है।
ग्रामीणों के अनुसार रास्ते की तरमीम नहीं होने के कारण इस मार्ग पर पक्की सड़क निर्माण में तकनीकी अड़चन आ रही है। ग्रामीणों ने मांग की कि एसडीएम रेवदर अथवा तहसीलदार को निर्देश देकर भूमि को राजस्व रिकॉर्ड में रास्ते के रूप में दर्ज करवाया जाए, ताकि सड़क निर्माण का कार्य आगे बढ़ सके।
विधायक मोतीराम कोली ने ग्रामीणों को राजस्व संबंधी समस्या के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।
बैठक में भगवत सिंह, मांगीलाल चौधरी, महिपाल सिंह, भंवर सिंह, हर्षपाल सिंह, भावाराम, उत्तम भाई पुरोहित, कालूराम, गोकुल देवासी, प्रकाश भाई पंड्या, शांतिलाल पुरोहित, मदनलाल रावल, शांतिलाल प्रजापत और भूदाराम प्रजापत सहित बड़ी संख्या में मालगांव के ग्रामीण मौजूद रहे।