फतेहपुर में नहर में मिला अज्ञात महिला का शव, पहचान में जुटी पुलिस

रमेश चंद्र/बाराबंकी संदेश महल समाचार

फतेहपुर थाना क्षेत्र से गुजरने वाली शारदा सहायक नहर में सोमवार दोपहर एक अज्ञात महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। देवखरिया गांव के पास नहर में शव बहता देख स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से शव को नहर से बाहर निकलवाया। पुलिस के मुताबिक मृतका की उम्र करीब 45 वर्ष बताई जा रही है। आसपास के क्षेत्रों में महिला की पहचान कराने का प्रयास किया गया, लेकिन देर शाम तक उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही महिला के नहर तक पहुंचने के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। आसपास के थाना क्षेत्रों से भी महिला के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।
कोतवाल अमित प्रताप सिंह ने बताया कि महिला के शव की पहचान कराने के प्रयास जारी हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही महिला की मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।