गोरखपुर में सीएम योगी ने सड़क चौड़ीकरण कार्य का किया लोकार्पण

गोरखपुर संदेश महल समाचार

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को गोरखपुर में गोरखपुर-सोनौली मार्ग से ग्रीन सिटी होते हुए माधोपुर बंधा तक सड़क चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण कार्य का लोकार्पण किया। करीब दो किलोमीटर लंबी इस सड़क के निर्माण पर लगभग 70 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं।
राष्ट्रीय राजमार्ग-24 से जुड़ी यह सड़क ग्रीन सिटी और पटनिया होते हुए माधोपुर बंधा तक जाती है। सड़क के चौड़ीकरण से आसपास की कॉलोनियों में रहने वाले लोगों को आवागमन में सहूलियत मिलने की उम्मीद है। वहीं, जलभराव की समस्या से निपटने के लिए सड़क के दोनों ओर ड्रेन का भी निर्माण कराया गया है।
लोकार्पण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि गोरखपुर में तेजी से विकास कार्य कराए जा रहे हैं। एक समय शहर में संकरी सड़कों और जलभराव की समस्या बड़ी चुनौती थी, लेकिन अब प्रमुख मार्गों को फोरलेन से जोड़ा जा रहा है और कई फ्लाईओवर भी बनाए जा चुके हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार के विकास कार्यों का मुख्य उद्देश्य आम लोगों के जीवन को आसान बनाना है। उन्होंने कार्यक्रम के दौरान सांसद रवि किशन के भाषण नहीं देने पर चुटकी लेते हुए माहौल को हल्का भी किया।
इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोगों को सावन शिवरात्रि की शुभकामनाएं भी दीं।