
जेपी रावत/लखीमपुर-खीरी /संदेश महल समाचार।
मान्यवर श्री कांशीराम के परिनिर्वाण दिवस के अवसर पर नौ अक्टूबर को लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बसपा सुप्रीमो मायावती के निर्देश पर जिले से बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के लखनऊ पहुंचने की तैयारी की जा रही है।
इसी क्रम में धौरहरा विधानसभा क्षेत्र के प्रभारी एवं अधिवक्ता सुरेंद्र कुमार आजाद गांव-गांव और घर-घर जाकर लोगों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील कर रहे हैं। उन्होंने लोगों को बसपा सरकार के कार्यकाल में किए गए जनहितकारी कार्यों की जानकारी देते हुए पार्टी की नीतियों से अवगत कराया।
सुरेंद्र कुमार आजाद ने कहा कि बसपा के अलावा किसी अन्य पार्टी में आम जनता के हित सुरक्षित नहीं हैं। उनके अनुसार, चुनाव के दौरान राजनीतिक दल जनता से कई वादे करते हैं, लेकिन सरकार बनने के बाद उन वादों को पूरा करने के बजाय उन्हें चुनावी जुमला बताकर पल्ला झाड़ लिया जाता है। इससे जनता स्वयं को ठगा महसूस करती है।
उन्होंने कहा कि बसपा सरकार के कार्यकाल में वादों के बजाय काम को प्राथमिकता दी गई। बसपा आम जनता के दुख-दर्द को समझते हुए कार्य करती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कांशीराम के विचारों और सामाजिक परिवर्तन के उद्देश्य को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
अधिवक्ता होने के साथ-साथ क्षेत्र में सक्रिय राजनीतिक कार्यकर्ता के रूप में सुरेंद्र आजाद की विभिन्न सामाजिक वर्गों में पकड़ होने का दावा किया जा रहा है। पार्टी कार्यकर्ताओं के अनुसार, धौरहरा क्षेत्र से बड़ी संख्या में लोगों के लखनऊ पहुंचने की तैयारी है।
बताया गया कि लखनऊ पहुंचने के बाद कार्यकर्ता पहले मायावती के आवास पर पहुंचेंगे और इसके बाद कांशीराम स्मारक स्थल पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। पार्टी कार्यकर्ता इस आयोजन को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों से जोड़कर भी देख रहे हैं। कार्यक्रम को लेकर क्षेत्र में कार्यकर्ताओं और समर्थकों के बीच तैयारियां जारी हैं।