बाराबंकी/संदेश महल/ समाचार
माती थाना क्षेत्र के बस्ती गांव में युवक राम मनोहर की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने शुक्रवार को पांच पुरुषों और छह महिलाओं समेत कुल 11 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इसके अलावा दो नाबालिगों को भी संरक्षण में लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किए जाने का दावा किए जा रहे डंडे और ईंट भी बरामद किए हैं।पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार 13 नवंबर को वांछित आरोपियों की तलाश में अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस टीम ने नूरपुर तिराहे के पास दबिश देकर सभी 11 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी नगर के पर्यवेक्षण में माती थाना पुलिस ने की।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में हंसराज, हरिशचन्द्र, छोटेलाल, रंजीत कुमार, जितेन्द्र कुमार, सोनी, गीता, जयदेवी, विद्यावती, रामदुलारी उर्फ मनकन्नी और सुषमा शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि सभी आरोपी बस्ती गांव के निवासी हैं।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों हंसराज, हरिशचन्द्र, रंजीत कुमार और जितेन्द्र कुमार की निशानदेही पर देवा रोड स्थित गोयल फार्म हाउस के पास से एक डंडा और ईंट बरामद की गई है। पुलिस का दावा है कि इन वस्तुओं का इस्तेमाल राम मनोहर की हत्या में किया गया था।11 आरोपियों को जेल भेजा, दो नाबालिग संरक्षण में गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार 11 आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है, जबकि दोनों नाबालिगों को नियमानुसार संरक्षण में लिया गया है। मामले में पुलिस की अग्रिम कार्रवाई और जांच जारी है।