मां और तीन बेटियों की मौत से परिवार में पसरा मातम, पिता बोले- पत्नी बहुत हिम्मती थी

पोस्टमार्टम हाउस पर छलका परिजनों का दर्द, पिता ने कहा- तीन दिन पहले बेटी से मिला था, कोई परेशानी नहीं बताई थी; 12 वर्षीय रिया परिवार में अकेली बची।

बाराबंकी (संदेश महल) समाचार। बाराबंकी के गांधी नगर मोहल्ले में शुक्रवार शाम हुए दर्दनाक हादसे ने एक परिवार की खुशियां उजाड़ दीं। ट्रेन की चपेट में आने से किरण पाल (39) और उनकी तीन बेटियों कनिष्का, अनुष्का एवं काव्या की मौत हो गई। शनिवार को चारों शवों का पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम हाउस पर पहुंचे परिजनों और रिश्तेदारों के बीच अपनों को खोने का दर्द साफ दिखाई दिया।
पिता बोले- तीन दिन पहले बेटी से हुई थी मुलाकात
किरण के पिता बाबूराम ने बताया कि घटना से करीब तीन दिन पहले वह अपनी बेटी से मिलने गए थे। उस दौरान किरण ने किसी तरह की परेशानी नहीं बताई थी और न ही वह किसी तनाव में दिखाई दी थी। उन्हें जरा भी अंदाजा नहीं था कि कुछ ही दिनों में परिवार पर इतना बड़ा दुख टूट पड़ेगा।पति ने लोन की किस्त से परेशानी की बात को नकारा किरण के पति तेजराम ने उन चर्चाओं को खारिज किया, जिनमें लोन की किस्त कटने के कारण पत्नी के परेशान होने की बात कही जा रही थी। उन्होंने कहा कि उनकी पत्नी बेहद हिम्मती महिला थी। शहर में बाढ़ आने के दौरान भी उसने पूरे परिवार के साथ मजबूती से हालात का सामना किया था। मुश्किल परिस्थितियों में भी वह कभी हिम्मत नहीं हारती थी।