छठ पूजा को लेकर लखनऊ में खास इंतजाम, गोमती नदी के 110 घाटों पर नगर निगम ने की तैयारी

घाटों पर सफाई, रोशनी और पेयजल की व्यवस्था; इस बार जीरो वेस्ट छठ पूजा मनाने का लक्ष्य, दो दिन ट्रैफिक डायवर्जन लागू

लखनऊ (संदेश महल)। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर राजधानी लखनऊ में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नगर निगम ने गोमती नदी के किनारे स्थित 110 घाटों पर विशेष इंतजाम किए हैं। पर्व के दौरान घाटों पर आने वाले श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए साफ-सफाई से लेकर रोशनी और पेयजल तक की व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।

नगर निगम की ओर से घाटों पर नियमित सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, पीने के पानी की सुविधा, मोबाइल शौचालय और कचरा उठाने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।


इस बार नगर निगम का विशेष जोर छठ पूजा को जीरो वेस्ट यानी कचरा मुक्त पर्व के रूप में मनाने पर है। इसके तहत घाटों पर स्वच्छता बनाए रखने और पूजा के बाद निकलने वाले कचरे का उचित निस्तारण करने की व्यवस्था की गई है। इसका उद्देश्य धार्मिक आस्था के साथ पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता का संदेश देना है।