प्रदेश में मतदाताओं की संख्या बढ़कर 13.58 करोड़ पहुंची, 11 लाख युवा पहली बार करेंगे मतदान; चार जनवरी 2027 को आएगी अंतिम सूची
रमेश चंद्र वर्मा
लखनऊ/संदेश महल समाचार
उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण अभियान के तहत मंगलवार को ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी कर दी गई। इसमें पिछले सात महीनों के दौरान 18.84 लाख नए मतदाताओं के नाम जुड़े हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसकी जानकारी दी। नई सूची के मुताबिक, प्रदेश में कुल मतदाताओं की संख्या बढ़कर 13.58 करोड़ हो गई है।अप्रैल 2026 में प्रदेश में मतदाताओं की संख्या 13.39 करोड़ थी। सात महीने बाद जारी ड्राफ्ट सूची में यह आंकड़ा बढ़कर 13.58 करोड़ पहुंच गया। इस दौरान 18 लाख 84 हजार नए मतदाता जुड़े हैं। इनमें 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के करीब 11 लाख युवा शामिल हैं, जो पहली बार अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे।
महिला मतदाताओं ने पंजीकरण में पुरुषों को पछाड़ा
ड्राफ्ट मतदाता सूची में इस बार महिला मतदाताओं का पंजीकरण पुरुषों के मुकाबले अधिक रहा। आंकड़ों के अनुसार, करीब 10 लाख 96 हजार महिलाओं और 7 लाख 87 हजार पुरुषों के नाम नए जुड़े हैं। प्रदेश में अब पुरुष मतदाताओं की कुल संख्या 7.38 करोड़ और महिला मतदाताओं की संख्या 6.20 करोड़ हो गई है। वहीं, प्रदेश का जेंडर रेशियो 840 दर्ज किया गया है। यानी प्रति एक हजार पुरुष मतदाताओं पर 840 महिला मतदाता हैं।
अनुमानित संख्या से 2.58 करोड़ कम मतदाता
जारी आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश की आबादी के अनुपात में अनुमानित मतदाताओं की संख्या 16.16 करोड़ होनी चाहिए, जबकि ड्राफ्ट सूची में 13.58 करोड़ मतदाता दर्ज हैं। इस तरह अनुमानित आंकड़े के मुकाबले करीब 2.58 करोड़ मतदाताओं का अंतर है।
चार दिन सभी बूथों पर चलेगा विशेष अभियान
मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि 21, 22, 28 और 29 नवंबर को प्रदेश के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान युवा और महिला मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने पर विशेष जोर रहेगा।
धर्म के आधार पर हिंदू मतदाताओं के नाम काटे जाने के दावों पर उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग के पास धर्म के आधार पर मतदाताओं का कोई आंकड़ा नहीं होता। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं है तो निर्धारित प्रक्रिया के तहत उसका नाम जोड़ा जाएगा।
16 दिसंबर तक दर्ज होंगी दावे और आपत्तियां
ड्राफ्ट मतदाता सूची पर 16 दिसंबर तक दावे और आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी। इनका निस्तारण 28 दिसंबर तक पूरा किया जाएगा। इसके बाद चार जनवरी 2027 को प्रदेश की अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।
निर्वाचन आयोग ने पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे ड्राफ्ट मतदाता सूची में अपना नाम जरूर जांच लें। यदि नाम नहीं है या किसी प्रकार की त्रुटि है तो निर्धारित समय सीमा के भीतर दावा या आपत्ति दर्ज कराकर सुधार करा सकते हैं।