अयोध्या/जौनपुर संदेश महल
अयोध्या से वाराणसी दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं से भरी एक स्लीपर बस रविवार को जौनपुर में भीषण हादसे का शिकार हो गई। बताया जा रहा है कि ओवरटेक के दौरान बस और ट्रेलर की जोरदार भिड़ंत हो गई। इस दुर्घटना में चार श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नौ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक बस में छत्तीसगढ़ के लगभग 50 श्रद्धालु सवार थे। हादसा इतना भयावह था कि बस का आगे और साइड का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के तुरंत बाद पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंच गए और घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। समय रहते घायलों को अस्पताल पहुंचाने से बड़ी संख्या में जानें बचाई जा सकीं।
जौनपुर के एसपी डॉ. कौस्तुभ ने बताया कि घायलों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है और सभी को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। पुलिस ने ट्रेलर और बस को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है। जिला प्रशासन लगातार घायलों की स्थिति पर नजर बनाए हुए है। श्रद्धालुओं का जत्था अयोध्या दर्शन करने के बाद वाराणसी जा रहा था।