गोरखपुर में NEET छात्र की हत्या से बवाल, सीएम योगी ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश

गोरखपुर संदेश महल समाचार
गोरखपुर के पिपराइच थाना क्षेत्र में रविवार रात उस समय सनसनी फैल गई जब पशु तस्करों ने NEET की तैयारी कर रहे 19 वर्षीय छात्र दीपक गुप्ता की निर्मम हत्या कर दी। आरोपियों ने दीपक के मुंह में गोली मारकर उसकी जान ले ली।

हत्या की खबर फैलते ही पूरे क्षेत्र में आक्रोश भड़क उठा। ग्रामीणों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया और माहौल तनावपूर्ण हो गया। कई थानों की पुलिस फोर्स और PAC को हालात काबू में करने के लिए तैनात किया गया है।

सीएम योगी का सख्त रिएक्शन

इस घटना पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा दुख जताते हुए अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। सीएम योगी के आदेश के बाद गोरखपुर के जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, पुलिस महानिरीक्षक और अन्य वरिष्ठ अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे।

वरिष्ठ अधिकारियों ने गांव में जाकर पीड़ित परिवार से मुलाकात की और उन्हें हर संभव मदद व न्याय का भरोसा दिलाया। अधिकारियों ने ग्रामीणों से शांति बनाए रखने की अपील भी की।

परिवार का रो-रोकर बुरा हाल

दीपक गुप्ता का सपना था कि वह डॉक्टर बनकर परिवार और गांव का नाम रोशन करे। लेकिन तस्करों की गोली ने उसका सपना तोड़ दिया। पिता ने कहा – “हमारा बेटा दिन-रात पढ़ाई करता था, कभी किसी का बुरा नहीं सोचा। हमें न्याय चाहिए और दोषियों को फांसी।

तनाव बरकरार

गांव और आसपास के क्षेत्रों में फिलहाल तनाव का माहौल है। पुलिस बल लगातार गश्त कर रहा है। प्रशासन का कहना है कि जल्द ही अपराधियों को पकड़कर कड़ी सजा दी जाएगी।