31 क्लीनिक सील, 4 दलाल गिरफ्तार, गैंगस्टर एक्ट में होगी कार्रवाई

संभल संदेश महल समाचार
जिले में फर्जी अस्पताल और क्लीनिक चलाकर जनता की जान से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ पुलिस और प्रशासन ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। गुरुवार को पुलिस लाइन बहजोई में जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पेंसिया, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. तरुण पाठक और पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार विश्नोई ने संयुक्त प्रेस वार्ता कर इस रैकेट का खुलासा किया।

जांच में सामने आया कि जिले में 31 फर्जी अस्पताल और क्लीनिक संचालित हो रहे थे। इनमें से कई को मौके पर ही सील कर दिया गया, जबकि 19 के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई।

जांच एजेंसियों ने यह भी पाया कि इन अस्पतालों को चलाने के लिए दलाल सक्रिय थे, जो फर्जी संचालकों से 1 से 5 लाख रुपये तक की अवैध वसूली करते थे। पुलिस ने इस गिरोह के चार बड़े दलाल—जगतपाल, प्रेम सिंह, बबलू गिरी और संगम—को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। तीन अन्य दलाल फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सभी आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी और उनकी अवैध संपत्तियां भी जब्त की जाएंगी। जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पेंसिया ने साफ संदेश दिया कि “जनता की जान से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

विशेष टीम का गठन कर जिलेभर में छापेमारी अभियान जारी है। प्रशासन का दावा है कि आगामी दिनों में और भी फर्जी अस्पतालों और क्लीनिकों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएंगे।