रणजीत सिंह
बहराइच संदेश महल
जिले के पयागपुर तहसील क्षेत्र के पहलवारा गांव में चल रहे एक अवैध मदरसे में प्रशासनिक छापेमारी के दौरान चौंकाने वाला मामला सामने आया है। निरीक्षण के दौरान मदरसे की ऊपरी मंजिल पर बने शौचालय से 40 नाबालिग बच्चियां बरामद की गईं।
मिली जानकारी के अनुसार इन बच्चियों की उम्र 9 से 14 वर्ष के बीच है। बताया जा रहा है कि शिकायत के आधार पर एसडीएम पयागपुर ने अचानक मदरसे में छापेमारी की, जिसके बाद यह खुलासा हुआ।
जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी मोहम्मद खालिद ने मदरसे को तत्काल प्रभाव से बंद करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि बच्चियों को शौचालय में बंद किए जाने के कारणों और मदरसे की फंडिंग के स्रोत की जांच की जा रही है।
फिलहाल प्रशासन यह पता लगाने में जुटा है कि यह मदरसा बिना अनुमति कैसे संचालित हो रहा था और बच्चियों को किन परिस्थितियों में यहां रखा गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है।