भोगांव पुलिस का सराहनीय कार्य, गुम हुआ महिला का बैग किया बरामद

दीपू सिंह,
मैनपुरी संदेश महल समाचार
थाना भोगांव पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए एक महिला का गुम हुआ बैग सकुशल बरामद कर उसे सौंपकर सराहनीय कार्य किया।

रविवार को करीब 11 बजे भोगांव चौराहे पर ड्यूटी पर तैनात उपनिरीक्षक हरविलास सिंह व कांस्टेबल मनोज कुमार के पास सरस्वती पत्नी ओम नारायण तिवारी (उम्र 38 वर्ष, निवासी मुरादपुर नगरीय थाना भोगांव) पहुँचीं। घबराई हुई महिला ने पुलिस को बताया कि वह बेवर से आटो द्वारा आ रही थी और उसका बैग ऑटो में ही छूट गया है। बैग में पर्स, नगदी, जरूरी कागजात एवं कपड़े थे।

पुलिस ने महिला को आश्वस्त करते हुए तत्काल आटो चालक की तलाश शुरू की। प्रभारी निरीक्षक भोगांव के निर्देशन एवं पुलिस अधीक्षक मैनपुरी के आदेशानुसार वाहन चेकिंग अभियान के दौरान, उपनिरीक्षक हरविलास सिंह, कांस्टेबल मनोज कुमार, चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक दिलीप कुमार गुप्ता व मिशन शक्ति टीम की महिला हेड कांस्टेबल सत्यवती द्वारा सघन चेकिंग की गई।

शाम करीब 4 बजे भोगांव चौराहे पर आटो चालक को रोककर पूछताछ की गई तो बैग उसी आटो में सुरक्षित पीछे रखा मिला। महिला को बुलाकर बैग की तलाशी ली गई तो सभी सामान सुरक्षित पाए गए।

पूछताछ में आटो चालक ने बताया कि उसकी कोई गलत मंशा नहीं थी, बल्कि उसे जानकारी ही नहीं थी कि बैग पीछे छूट गया है।

बैग मिलने पर महिला की खुशी का ठिकाना न रहा और उसने पुलिस टीम को धन्यवाद दिया। इस त्वरित एवं मानवीय कार्यवाही से भोगांव पुलिस की जनता के बीच सकारात्मक छवि और मजबूत हुई है।