आजमगढ़, संदेश महल समाचार।
जनपद में फर्जी दस्तावेजों के आधार पर आरोपियों की जमानत कराने वाले गिरोह के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। जीयनपुर पुलिस ने फर्जी जमानत प्रकरण में वांछित एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान रामचन्द्र यादव उर्फ मैकू यादव उर्फ सत्यम यादव के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार आरोपी गंभीर अपराधों में निरुद्ध अभियुक्तों की फर्जी दस्तावेज तैयार कराकर जमानत कराने वाले गिरोह का सक्रिय सदस्य है। इस मामले में 30 मई 2026 को थाना कोतवाली नगर में मुकदमा संख्या 267/2026 दर्ज किया गया था। जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि एक ही जमानतदार द्वारा कई अभियुक्तों की जमानत कराई गई थी, जिससे बड़े फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने विभिन्न धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर जांच शुरू की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देश पर गठित टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गोरखपुर जिला कारागार के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अभिलेखों के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध हत्या, लूट, डकैती, गैंगस्टर एक्ट समेत कुल 25 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।