पिसावा (सीतापुर) संदेश महल
पिसावा थाना क्षेत्र में नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस ने दहेज हत्या के आरोप में मृतका के ससुर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस अन्य नामजद आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर की सूचना पर हजियापुर चौराहे से आरोपी परशुराम को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी की कार्रवाई में उपनिरीक्षक दिवाकर मिश्रा, कांस्टेबल जानी कुमार और सत्यभान शामिल रहे।
मामला जहांसापुर गांव का है, जहां निवासी पंकज की पत्नी सोनिका (26) की शनिवार सुबह जिला अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई थी। घटना की सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था।
मृतका के पिता सुरेश कुमार, निवासी कारीपाकर, थाना महोली ने पति पंकज, ससुर परशुराम, सास तथा ननदों समेत कुल आठ लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि विवाह के बाद से ही सोनिका को मोटरसाइकिल की मांग को लेकर लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था।
सुरेश कुमार का आरोप है कि शनिवार को उनकी बेटी के साथ मारपीट की गई और उसे कथित रूप से विषाक्त पदार्थ दे दिया गया, जिससे उसकी मौत हो गई।
थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह तोमर ने बताया कि मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित कर दी गई है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।