सीतापुर संदेश महल समाचार
भारतीय जनता पार्टी अवध क्षेत्र के नवनियुक्त क्षेत्रीय अध्यक्ष अवधेश द्विवेदी के प्रथम सीतापुर आगमन पर कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। जिले के विभिन्न स्थानों पर स्वागत कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता शामिल हुए।
जिला अध्यक्ष राजेश शुक्ला के नेतृत्व में अटरिया, सिधौली और कमलापुर स्थित कोठी ढाबा पर स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष एवं निवर्तमान सांसद राजेश वर्मा तथा बिसवां विधायक निर्मल वर्मा की मौजूदगी में क्षेत्रीय अध्यक्ष का भव्य अभिनंदन किया गया। इसके बाद भाजपा जिला कार्यालय में भी उनका जोरदार स्वागत किया गया।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए क्षेत्रीय अध्यक्ष अवधेश द्विवेदी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सबसे बड़ी पूंजी उसके कार्यकर्ता हैं। प्रत्येक पदाधिकारी पहले एक कार्यकर्ता है और कार्यकर्ता भाव ही संगठन की वास्तविक शक्ति है। उन्होंने संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा करते हुए आगामी बूथ अध्यक्ष सम्मेलन की तैयारियों की जानकारी ली तथा सभी कार्यकर्ताओं से वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लक्ष्य बनाकर पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
जिला अध्यक्ष राजेश शुक्ला ने कहा कि क्षेत्रीय अध्यक्ष का प्रथम जनपद आगमन जिले के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि सीतापुर संगठन के प्रत्येक अभियान में पूरी सक्रियता से भागीदारी निभाएगा और पार्टी के निर्देशों का पालन करते हुए जिले की सभी नौ विधानसभा सीटों पर कमल खिलाने का प्रयास करेगा।
जिला प्रभारी नीरज सिंह ने कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन नैमिष रत्न तिवारी ने किया।
कार्यक्रम के उपरांत क्षेत्रीय अध्यक्ष अवधेश द्विवेदी ने नैमिषारण्य पहुंचकर जगत जननी मां के दर्शन-पूजन किए तथा संतों का सम्मान भी किया।
इस अवसर पर कारागार राज्य मंत्री सुरेश राही, नगर विकास राज्य मंत्री राकेश राठौर ‘गुरु’, सेवता विधायक ज्ञान तिवारी, महमूदाबाद विधायक आशा मौर्य, मिश्रिख विधायक रामकृष्ण भार्गव, एमएलसी पवन सिंह चौहान, महोली विधायक शशांक त्रिवेदी, लहरपुर के निवर्तमान विधायक सुनील वर्मा, क्षेत्रीय महामंत्री नीरज वर्मा, पूर्व एमएलसी भरत त्रिपाठी, पूर्व जिला अध्यक्ष अचिन मेहरोत्रा, पूर्व जिला अध्यक्ष अजय गुप्ता, राष्ट्रीय परिषद सदस्य राकेश त्रिपाठी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रद्धा सागर सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।