बाराबंकी में शॉर्ट सर्किट से मोटर पार्ट्स की दुकान में भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख

बाराबंकी संदेश महल समाचार

नगर कोतवाली क्षेत्र के एक चौराहे के पास स्थित जय दुर्गा मोटर पार्ट्स की दुकान में शनिवार को शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी दुकान धू-धूकर जलने लगी। घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग लगने के बाद दुकान से ऊंची-ऊंची लपटें और धुएं का गुबार उठने लगा। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। आग की भयावहता के कारण दमकल कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। इसी दौरान दमकल वाहनों का पानी समाप्त हो गया, जिससे कुछ समय के लिए राहत कार्य प्रभावित हुआ। बाद में जिला अस्पताल के पंप से पानी भरकर दोबारा आग बुझाने का अभियान चलाया गया और काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया गया।
दुकान मालिक सुशील कुमार गुप्ता ने बताया कि वह सुबह दुकान खोलने पहुंचे थे। कर्मचारी ऊपर रखा सामान व्यवस्थित कर रहे थे, तभी अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ और कुछ ही मिनटों में आग ने पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। आग में दुकान का लगभग पूरा सामान जलकर राख हो गया। फिलहाल नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
घटना का सबसे चिंताजनक पहलू यह रहा कि जिस स्थान पर आग लगी, उसके ठीक बगल में स्थित फाउंडेशन स्कूल में बड़ी संख्या में छोटे-छोटे बच्चे मौजूद थे। आग की लपटें और धुएं का गुबार देखकर स्कूल में दहशत फैल गई। शिक्षकों ने तत्काल बच्चों को सुरक्षित बाहर निकालकर स्कूल परिसर में एकत्र किया। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में अभिभावक भी स्कूल पहुंच गए और अपने बच्चों को सुरक्षित घर ले गए।
दमकल विभाग की तत्परता से आग को आसपास की इमारतों तक फैलने से रोक लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, जबकि मामले की विस्तृत जांच जारी है।