दहेज उत्पीड़न के आरोप में पति समेत चार पर केस, विवाहिता की संदिग्ध मौत

पिसावां सीतापुर संदेश महल समाचार

थाना क्षेत्र के ग्राम जिगिनियां मजरा शिवराजपुर में 23 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगने से मौत हो गई। घटना के बाद मायके पक्ष ने दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। पुलिस ने पति समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम जिगिनियां मजरा शिवराजपुर निवासी निशा उर्फ नीतू (23) ने शनिवार देर रात कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए।
मृतका के परिजनों ने आरोप लगाया कि दहेज की मांग को लेकर उसकी हत्या की गई है। तहरीर के आधार पर थाना पिसावां में मुकदमा अपराध संख्या 323/2026 के तहत धारा 85, 80(2) बीएनएस एवं 3/4 दहेज प्रतिषेध अधिनियम में पति विनीत कुमार सहित चार आरोपितों के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मोर्चरी भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।