पालड़ी गांव में कचरे की भरमार, जिम्मेदारों की आंखें बंद

रेवदर/सिरोही राजस्थान संदेश महल

रेवदर उपखंड क्षेत्र की दताणी ग्राम पंचायत के पालड़ी गांव में इन दिनों गंदगी और कचरे की समस्या गंभीर होती जा रही है। गांव के कई सार्वजनिक स्थानों पर कचरे के ढेर लगे हुए हैं, जिससे ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि लंबे समय से नियमित साफ-सफाई नहीं होने के कारण गांव में बीमारी फैलने का खतरा बढ़ गया है।
जानकारी के अनुसार पालड़ी गांव के पुराने हनुमान मंदिर के सामने, रामदेव मंदिर के पास तथा पुराने तालाब की पाल पर जगह-जगह कचरे के ढेर दिखाई दे रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में घर-घर से कूड़ा उठाने वाला ट्रैक्टर भी काफी समय से नहीं आ रहा, जिससे लोगों को मजबूरन कचरा खुले में डालना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव में नियमित सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। इस संबंध में दताणी ग्राम पंचायत के प्रशासक से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका फोन बंद मिला।
वहीं ग्राम विकास अधिकारी बनवारीलाल खाटाना ने बताया कि सफाई कार्य फिलहाल टेंडर प्रक्रिया के अधीन होने के कारण कुछ समय से प्रभावित है। उन्होंने आश्वासन दिया कि आगामी दो दिनों में गांव में सफाई कार्य शुरू करवाकर समस्या का समाधान किया जाएगा।
ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द स्थायी समाधान की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि यदि समय रहते सफाई व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई तो ग्रामीण आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे।