पीलीभीत। कलेक्ट्रेट परिसर में विद्युत फाल्ट ठीक करने के दौरान करंट लगने से एक संविदा बिजली कर्मी की मौत हो गई। आरोप है कि हादसे के बाद घायल युवक करीब आधे घंटे तक मौके पर तड़पता रहा, लेकिन उसे अस्पताल पहुंचाने के लिए कोई सरकारी वाहन उपलब्ध नहीं कराया गया।
जानकारी के अनुसार शहर के मोहल्ला मदीने शाह निवासी विजय राठौड़ (22) बिजली विभाग में संविदा कर्मचारी के रूप में कार्यरत था। मंगलवार को वह अपने साथियों रामबाबू और जनार्दन के साथ कलेक्ट्रेट परिसर स्थित निर्वाचन कार्यालय के बाहर लगे विद्युत पोल पर फाल्ट दुरुस्त करने पहुंचा था।
साथी कर्मचारियों के अनुसार शटडाउन होने के बावजूद अचानक जनरेटर से बैक सप्लाई आने लगी, जिसकी चपेट में विजय आ गया। करंट का तेज झटका लगने से वह सीढ़ी से नीचे जमीन पर गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि हादसे के बाद विजय काफी देर तक मौके पर तड़पता रहा। साथी कर्मचारियों ने वहां मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों से अस्पताल पहुंचाने के लिए वाहन की मांग की, लेकिन किसी ने तत्काल मदद नहीं की। परिसर में कई सरकारी वाहन मौजूद होने के बावजूद घायल को अस्पताल नहीं भेजा गया।
करीब आधे घंटे बाद एम्बुलेंस के पहुंचने पर विजय को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर बिजली विभाग के एसडीओ मनोज कुमार यादव जिला अस्पताल पहुंचे। संविदा कर्मियों की सुरक्षा व्यवस्था और घायल को समय पर मदद न मिलने संबंधी सवालों पर उन्होंने कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।