संदेश महल, सीतापुर।
उ0प्र0 राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष (उपमंत्री स्तर) अपर्णा यादव ने बृहस्पतिवार को नैमिषारण्य सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। शाम करीब तीन बजे पहुंचीं अपर्णा यादव ने सबसे पहले ओपीडी की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके बाद उन्होंने एक्स-रे वार्ड, पैथोलॉजी, लेबर रूम, इमरजेंसी वार्ड और औषधि भंडारण कक्ष का भी निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने ठंड के मौसम को देखते हुए वार्डों में मरीजों के लिए रूम हीटर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही ओपीडी परिसर में आयुष्मान भारत सेंटर और कन्या सुमंगला योजना से संबंधित बोर्ड लगाने को भी कहा, ताकि मरीजों और परिजनों को सरकारी योजनाओं की जानकारी मिल सके।
इसके पश्चात वे नैमिषारण्य स्थित वृद्धाश्रम पहुंचीं, जहां उन्होंने स्कूली छात्राओं से संवाद किया। उन्होंने कहा कि “छात्राएं मोबाइल फोन का उपयोग केवल गेम खेलने में न करें, बल्कि सरकार की योजनाओं की जानकारी लें और उनसे लाभ उठाएं।” उन्होंने छात्राओं को कन्या सुमंगला योजना के तहत फॉर्म भरने के लिए प्रोत्साहित किया और बताया कि इस योजना के अंतर्गत योग्य लाभार्थियों को ₹25,000 की आर्थिक सहायता दी जाती है।
अपर्णा यादव ने छात्राओं को वन स्टॉप सेंटर की जानकारी देते हुए कहा कि किसी भी आकस्मिक स्थिति — जैसे बस या ट्रेन छूट जाने, रास्ता भटकने या परेशानी की स्थिति में — वे तत्काल पुलिस हेल्पलाइन या महिला आयोग के हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क कर सकती हैं। उन्होंने कहा कि “आपकी सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है, इसलिए बेझिझक सहायता लें।
वृद्धाश्रम में रह रहे बुजुर्गों से संवाद करते हुए उन्होंने आश्वासन दिया कि वृद्धावस्था पेंशन योजना के तहत उन्हें ₹1,000 मासिक पेंशन दिलाने के लिए संबंधित अधिकारियों से बातचीत कर आवश्यक कार्रवाई कराई जाएगी।
अपर्णा यादव का यह निरीक्षण न केवल स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं के प्रति उनकी संवेदनशीलता को दर्शाता है, बल्कि महिलाओं, छात्राओं और वृद्धजनों के प्रति उनकी जागरूकता और संवेदना को भी रेखांकित करता है।