
कानपुर संदेश महल
साइबर थाना पुलिस ने शादी कराने के नाम पर युवकों से ठगी करने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है। गिरोह आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से युवतियों के आकर्षक फर्जी प्रोफाइल तैयार कर युवकों को अपने जाल में फंसाता था। पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर 23 युवतियों को हिरासत में लिया है। मामले में तीन अन्य आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।
पुलिस के अनुसार गिरोह ‘परफेक्ट रिश्ते’, ‘शादी मैच इंडिया’ और ‘शादी मैच’ जैसे नामों से फर्जी मैरिज ब्यूरो संचालित कर रहा था। आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक, इंस्टाग्राम आदि से शादी योग्य युवकों का डाटा और मोबाइल नंबर जुटाते थे। इसके बाद कॉल सेंटर में कार्यरत युवतियां खुद को मैरिज काउंसलर बताकर उनसे संपर्क करती थीं।
जांच में सामने आया कि इंटरनेट से सामान्य युवतियों की तस्वीरें डाउनलोड कर AI टूल्स और फोटो एडिटिंग सॉफ्टवेयर की मदद से आकर्षक प्रोफाइल तैयार किए जाते थे। युवकों का विश्वास जीतने के लिए कॉल सेंटर में बैठी युवतियां ही अलग-अलग नामों से कथित लड़की बनकर बातचीत करती थीं।
ठगी को विश्वसनीय बनाने के लिए गिरोह ने ‘प्रैंक पेमेंट’ नामक एप डाउनलोड कर रखा था। इसके जरिए युवकों को फर्जी स्क्रीनशॉट भेजकर बताया जाता था कि लड़की पक्ष मैरिज ब्यूरो की फीस जमा कर चुका है। इसके बाद रजिस्ट्रेशन, प्रोफाइल एक्टिवेशन और मुलाकात कराने के नाम पर उनसे रकम वसूली जाती थी।
