नील मणि ने पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह को सौंपा द्वाबा महोत्सव का आमंत्रण पत्र

संतकबीरनगर संदेश महल
धनघटा विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी एवं द्वाबा महोत्सव के शिल्पी नील मणि आगामी द्वाबा महोत्सव को ऐतिहासिक बनाने में पूरी ताकत से जुटे हैं। आयोजन के दूसरे संस्करण को भव्य स्वरूप देने के लिए वे लगातार स्टार कलाकारों, क्षेत्रीय हस्तियों और प्रदेश स्तर के राजनीतिक दिग्गजों से संपर्क कर रहे हैं।
इसी क्रम में रविवार को नील मणि, हैसर के पूर्व चेयरमैन प्रिंस अगम सिंह के साथ गोंडा स्थित पूर्व सांसद एवं भारतीय कुश्ती संघ के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के आवास पहुंचे। नगर पंचायत चेयरमैन प्रतिनिधि की ओर से उन्होंने श्री सिंह को द्वाबा महोत्सव के लिए औपचारिक आमंत्रण पत्र सौंपा।
पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने आमंत्रण स्वीकार करते हुए महोत्सव में अपनी उपस्थिति का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन न केवल क्षेत्र की संस्कृति और परंपरा के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, बल्कि स्थानीय प्रतिभाओं को अपने कला-कौशल के प्रदर्शन का बड़ा मंच भी प्रदान करते हैं।
द्वाबा क्षेत्र के इतिहास को संघर्षों की पहचान बताते हुए उन्होंने कहा कि इस मिट्टी ने राजनीतिक, सांस्कृतिक, खेल और संस्कार—चारों क्षेत्रों में उल्लेखनीय व्यक्तित्व दिए हैं। इसलिए द्वाबा महोत्सव का आयोजन क्षेत्र की सामूहिक ऊर्जा और सांस्कृतिक विरासत को नया आयाम देता है।