सीएचसी सिधौली का जिलाधिकारी ने किया आकस्मिक निरीक्षण,फार्मासिस्ट को नोटिस जारी

सीतापुर संदेश महल
जनपद के जिलाधिकारी डा. राजागणपति आर. ने बृहस्पतिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सिधौली का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने इमरजेंसी वार्ड, ओपीडी, भर्ती वार्ड, महिला वार्ड, लेबर रूम, एनआरसी, पैथोलॉजी, किचन, आयुष्मान वार्ड, औषधि कक्ष, जेएसवाई वार्ड, एसएनसीयू वार्ड तथा ओटी कक्ष का गहन निरीक्षण किया।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शासन की मंशानुरूप आम जनता को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं और समुचित उपचार उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि आवश्यक दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, साथ ही अस्पताल की अवस्थापना सुविधाओं में सुधार किया जाए। जिलाधिकारी ने विशेष रूप से सभी वार्डों और परिसरों में सफाई व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जब फार्मासिस्ट दवाओं का अद्यतन विवरण प्रस्तुत नहीं कर सके, तो जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को उन्हें नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने कहा कि अस्पताल में बेडशीट नियमित रूप से बदली जाए, सभी कर्मचारी निर्धारित यूनीफॉर्म में रहें, और डिलीवरी रजिस्टर में पूरा विवरण दर्ज किया जाए।

उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि जन्म प्रमाण पत्र डिस्चार्ज के समय ही परिवारजनों को प्रदान किया जाए। भर्ती मरीजों को दी जाने वाली दवाओं का विवरण पर्चे में अनिवार्य रूप से दर्ज किया जाए। जिलाधिकारी ने मरीजों से सीधे संवाद कर सेवाओं की गुणवत्ता पर फीडबैक भी लिया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि भर्ती मरीजों को निर्धारित मेन्यू के अनुसार भोजन और नाश्ता प्रदान किया जाए। भोजन की मात्रा और गुणवत्ता दोनों ही मानकों के अनुरूप होनी चाहिए। उन्होंने फैमिली प्लानिंग कार्यक्रम को प्रभावी रूप से लागू करने और डिलीवरी के बाद समुचित काउंसलिंग सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने चिकित्सालय में तैनात चिकित्सकों, फार्मासिस्टों, सफाई कर्मियों, सिक्योरिटी गार्डों और अन्य कर्मचारियों का विवरण भी प्राप्त किया। उन्होंने फार्मेसी कक्ष में जाकर दवाओं के रख-रखाव और रजिस्टरों की स्थिति का गहन निरीक्षण किया और चेतावनी दी कि दवाओं से संबंधित सभी अभिलेख अद्यतन और व्यवस्थित रूप से रखे जाएं।

उन्होंने यह भी कहा कि समय पर दवाओं की मांग पत्र भेजे जाएं, ताकि किसी प्रकार की दवाओं की कमी न होने पाए।

निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुरेश कुमार, प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. ए.के. सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।