रामनगर बाराबंकी संदेश महल
बाराबंकी जिले के रामनगर थाना क्षेत्र के दलसराय गांव स्थित पराली प्रबंधन प्लांट में गुरुवार शाम भीषण आग लग गई। आग लगते ही पूरे क्षेत्र में घना धुआं छा गया और लपटें आसमान तक उठने लगीं। अचानक लगी आग से अफरा-तफरी मच गई।
सूचना पर फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां और रामनगर पुलिस मौके पर पहुंची। दमकलकर्मी आग पर काबू पाने में जुटे हैं, लेकिन देर शाम तक आग पूरी तरह बुझाई नहीं जा सकी थी। ग्रामीण भी प्रशासन की मदद से सूखी पराली और झाड़ियों को हटाने में जुटे रहे ताकि आग फैलने से रोकी जा सके।
जानकारी के अनुसार, दलसराय में किसानों की पराली और खेतों के अवशेषों के भंडारण के लिए दो प्रबंधन प्लांट स्थापित हैं। इनमें से दूसरे प्लांट में आग लगी है, जबकि पहला प्लांट सुरक्षित बताया जा रहा है।
आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, शॉर्ट सर्किट या किसी रासायनिक प्रतिक्रिया से आग लगने की संभावना जताई जा रही है। रामनगर पुलिस ने घटनास्थल की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है।
फिलहाल प्रशासन और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर मौजूद हैं और आग पर काबू पाने का प्रयास जारी है।