फतेहपुर बाराबंकी संदेश महल
फतेहपुर कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार सुबह दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। मीरनगर गांव के किसान राजमल (45 वर्ष) का शव गांव से करीब 200 मीटर दूर बड्डूपुर मार्ग के किनारे पड़ा मिला। गले और हाथ पर गहरे चोटों के निशान देखकर साफ है कि किसान की निर्दयतापूर्वक हत्या की गई है।
सुबह घटना की खबर फैलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था, जबकि ग्रामीण घरवालों को ढांढस बंधाते रहे। मृतक राजमल मेहनतकश किसान थे और किसानी कर ही पत्नी सियापति, एक बेटे और एक बेटी का भरण-पोषण करते थे।
देर रात निकले थे घर से, सुबह मिला शव
परिजनों के अनुसार राजमल सोमवार देर रात शौच के लिए घर से निकले थे। देर तक जब वह नहीं लौटे तो परिजनों ने सुबह उनकी तलाश शुरू की। इस दौरान सड़क किनारे उनका शव पड़ा मिलने की सूचना मिली। शव के पास ही शौच के लिए ले जाया जाने वाला डिब्बा भी पड़ा मिला।
पत्नी सियापति ने कहा कि पति के साथ यह वारदात कैसे हुई, इसका उन्हें कोई अंदाजा नहीं है। घटना के बाद पूरे गांव में तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं।
परिवार ने जताई हत्या की आशंका – पुलिस जांच में
कोतवाल संजीव सोनकर ने बताया कि मृतक के भाई लालजी ने अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या की तहरीर दी है। पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण कर प्रारंभिक जानकारी जुटाई। फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य एकत्र किए हैं।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्थिति पूरी तरह साफ होगी। फिलहाल पुलिस कई बिंदुओं पर जांच कर रही है।गांव में इस घटना से दहशत और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।