मैनपुरी संदेश महल समाचार
मैनपुरी। वर्दी की गरिमा को ठेस पहुँचाने वाला एक शर्मनाक मामला सामने आया है। भोगांव थाना क्षेत्र में तैनात एक दरोगा का शराब के नशे में लड़खड़ाते हुए ठेके से बोतल खरीदने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस विभाग की कार्यशैली और छवि पर सवाल उठने लगे हैं।

घटना भोगांव बस स्टैंड स्थित कंपोजिट वाइन शॉप की बताई जा रही है। वायरल वीडियो में दिख रहे दरोगा की पहचान अरविंद के रूप में हुई है। बताया जाता है कि अरविंद मूल रूप से भोगांव क्षेत्र के रहने वाले हैं और वर्तमान में झांसी की शहर कोतवाली में तैनाती पर हैं। वीडियो में वे वर्दी में लड़खड़ाते हुए ठेके से शराब की बोतल खरीदते दिखाई दे रहे हैं, जिसे राहगीरों ने अपने मोबाइल में कैद कर लिया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि वर्दी में इस तरह शराब खरीदना न सिर्फ नियम विरुद्ध है, बल्कि इससे पूरे पुलिस विभाग की छवि धूमिल होती है। कई लोगों ने दरोगा की हरकत को शर्मनाक बताते हुए सोशल मीडिया पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है।

फिलहाल विभागीय स्तर पर किसी कार्रवाई की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है, लेकिन सूत्रों का कहना है कि मामला उच्चाधिकारियों के संज्ञान में भेजा जा रहा है और जांच की तैयारी की जा रही है।
वीडियो वायरल होने के बाद लोगों में इस बात को लेकर नाराज़गी है कि कानून का पालन कराने वाली वर्दी में ऐसे कृत्य सार्वजनिक रूप से कैसे हो सकते हैं। पुलिस प्रशासन अब मामले की गंभीरता को देखते हुए जल्द ही कदम उठाए जाने की संभावना जता रहा है।