मनरेगा में बड़ा घोटाला मौके पर 9 मजदूर पोर्टल पर 46 की हाजिरी दर्ज

सीतापुर संदेश महल
विकास खंड परसेंडी की ग्राम पंचायत गौरा अर्जुनपुर में मनरेगा योजना के तहत कराए जा रहे कार्यों में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान पंचायत सचिव और तकनीकी सहायक पर मिलीभगत कर फर्जी हाजिरी लगाकर सरकारी धन के गबन का गंभीर आरोप लगाया है।गौरा अर्जुनपुर में सीसी रोड से पूरब बॉर्डर तक चक मार्ग पटान कार्य चल रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि रविवार को कार्यस्थल पर केवल 9 पुरुष मजदूर ही मौजूद थे, जबकि मनरेगा पोर्टल पर 46 मजदूरों की उपस्थिति दर्ज की गई। इसमें 17 महिला और 20 पुरुष मजदूरों की फर्जी हाजिरी लगाए जाने का आरोप है।ग्रामीण आशीष व अन्य ग्रामीणों ने बताया कि मौके पर एक भी महिला मजदूर मौजूद नहीं थी, लेकिन इसके बावजूद पोर्टल पर 17 महिलाओं की उपस्थिति दर्शाई गई है। वहीं, 9 वास्तविक मजदूरों के सहारे 37 फर्जी मजदूरों की हाजिरी लगाकर सरकारी रकम का दुरुपयोग किया जा रहा है।ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि उन्होंने इस पूरे मामले की शिकायत पहले ही ब्लॉक अधिकारियों से की लेकिन अब तक कोई ठोस जांच नहीं कराई गई जिससे भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिल रहा है।इस संबंध में खंड विकास अधिकारी रजनीश शुक्ला ने कहा कि मामले की जांच कराई जाएगी और दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।