साइकिल से अयोध्या धाम की आस्था यात्रा शामली से निकले सोनोज कुमार रामनगर पहुंचे

रामनगर बाराबंकी संदेश महल
ग्राम खंद्रावली, जिला शामली निवासी सोनोज कुमार भगवान श्रीराम के दर्शन के लिए साइकिल यात्रा पर अयोध्या धाम की ओर निकले हैं। आस्था और दृढ़ संकल्प के साथ उन्होंने 3 नवंबर को हरिद्वार से अपनी यात्रा शुरू की थी। पूर्णागिरी माता के दर्शन करते हुए सोमवार को वे रामनगर (बाराबंकी) पहुंचे।
सोनोज कुमार ने बताया कि यह उनकी अयोध्या धाम की दूसरी यात्रा है। इससे पहले वे श्रीराम मंदिर स्थापना के समय भी अयोध्या आ चुके हैं। उन्होंने कहा कि भगवान की कृपा से यात्रा के दौरान उन्हें किसी प्रकार की कठिनाई का सामना नहीं करना पड़ा। प्रतिदिन वे लगभग 150 से 200 किलोमीटर साइकिल चलाते हैं और रात्रि में किसी मंदिर में विश्राम करते हैं।रामनगर पहुंचने पर उन्होंने स्थानीय हनुमान मंदिर में रात्रि विश्राम किया और मंगलवार सुबह पुनः यात्रा प्रारंभ करने की बात कही। भोजन के संबंध में उन्होंने बताया कि रास्ते में जहां भी श्रद्धालु प्रेमपूर्वक जो कुछ देते हैं, वही वे ग्रहण कर लेते हैं। यात्रा के दौरान वे सीतापुर जनपद स्थित नैमिष तीर्थ में भी एक रात रुके थे।यह साइकिल यात्रा श्रद्धा, साधना और संकल्प का अनुपम उदाहरण बनकर लोगों को प्रेरित कर रही है।