शादी से पहले प्रेमिका की बेवफाई से टूटे वकील ने की आत्महत्या, जांच में जुटी पुलिस

जेपी रावत
ग्वालियर संदेश महल
शादी से पहले प्रेमिका की कथित बेवफाई से आहत एक वकील ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान वकील मृत्युंजय चौहान के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मृत्युंजय की शादी 30 दिसंबर को महिला सब-इंस्पेक्टर प्रीति जादोन से तय थी। पूरा घटनाक्रम मुरैना से जुड़ा बताया जा रहा है, जबकि आत्महत्या ग्वालियर स्थित उसके किराए के मकान में हुई।

मृतक की मां शिवकुमारी के अनुसार, मृत्युंजय और प्रीति पिछले करीब पांच वर्षों से लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे। दोनों एक-दूसरे के यहां आते-जाते थे। मृत्युंजय ग्वालियर के आदर्शपुरम इलाके में किराए के मकान में रहता था, जबकि प्रीति की पोस्टिंग मुरैना में थी। सहमति से शादी का फैसला लिया गया था और 30 दिसंबर को विवाह के साथ ही प्रीति का जन्मदिन भी मनाया जाना था।

बताया गया है कि शनिवार को मृत्युंजय बिना बताए मुरैना पहुंचा और प्रीति को सरप्राइज देने की योजना बनाई। आरोप है कि वहां पहुंचने पर उसे प्रीति के कमरे में एक अन्य युवक के छिपे होने की जानकारी मिली और घर में शराब की गंध थी। आरोप के मुताबिक, युवक की पहचान पुलिस आरक्षक अराफत के रूप में हुई। इस दौरान दोनों के बीच विवाद और मारपीट हुई, जिसमें मृत्युंजय के कपड़े फट गए, कंधे में चोट आई और एक उंगली कट गई। बाद में आरोपी युवक वहां से भाग गया।

परिजनों का कहना है कि घटना के बाद मृत्युंजय ने मुरैना में शिकायत देने का प्रयास किया, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद वह ग्वालियर लौट आया और अपनी मां को फोन पर पूरे घटनाक्रम की जानकारी देते हुए गहरा धोखा मिलने की बात कही। सोमवार को आदर्शपुरम स्थित उसके कमरे में उसका शव फांसी के फंदे पर लटका मिला।

गोला का मंदिर थाना प्रभारी हरेंद्र शर्मा ने बताया कि वकील द्वारा फांसी लगाने का मामला सामने आया है। प्रकरण की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।