पुरानी रंजिश में पिता-पुत्र की बेरहमी से हत्या, इलाके में तनाव

सीतापुर संदेश महल
जनपद के इमलिया सुल्तानपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां पुरानी रंजिश के चलते बेखौफ बदमाशों ने पिता-पुत्र पर ताबड़तोड़ हमला कर उनकी निर्मम हत्या कर दी। दोहरे हत्याकांड से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और दहशत का माहौल बन गया।

मृतकों की पहचान छोटे खान (65) और उनके पुत्र मैसर खां (45), निवासी फत्तेपुर मातिनपुर, के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमलावर अचानक मौके पर पहुंचे और दोनों के सिर पर लगातार वार किए, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़े। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। इमलिया सुल्तानपुर पुलिस ने घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी दुर्गेश सिंह, क्षेत्राधिकारी महोली नागेंद्र चौबे सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और घटनास्थल की गहन जांच शुरू की।

प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे पुरानी रंजिश को कारण बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि घटना से एक दिन पूर्व दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था, जिसकी जानकारी पुलिस को दी गई थी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

घटना दो समुदायों से जुड़ी होने के कारण क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई है। एहतियातन कई थानों की पुलिस फोर्स तैनात की गई है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और नामजद आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।