बांग्लादेश में हिंदुओं पर अत्याचार के विरोध में धनघटा में पुतला दहन

अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद व राष्ट्रीय बजरंग दल का प्रदर्शन

संतकबीरनगर संदेश महल
बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे कथित अत्याचार और हिंसक घटनाओं के विरोध में शनिवार को अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद एवं राष्ट्रीय बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने धनघटा चौक पर जोरदार प्रदर्शन करते हुए प्रतीकात्मक पुतला दहन किया। प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी के माध्यम से बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग उठाई।

अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के शीर्ष नेतृत्व के निर्देश पर संगठन के कार्यकर्ता धनघटा स्थित पीयूष कॉम्प्लेक्स में एकत्र हुए। इसके पश्चात जुलूस के रूप में धनघटा चौक पहुंचे, जहां बांग्लादेश सरकार का प्रतीकात्मक पुतला फूंका गया।

प्रदर्शन को संबोधित करते हुए अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के जिला अध्यक्ष अंकुर उपाध्याय ने कहा कि बांग्लादेश में सत्ता परिवर्तन के बाद इस्लामी जिहादी गतिविधियों में वृद्धि हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि वहां हिंदू समाज के मंदिरों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, महिलाओं, संपत्तियों, सरकारी कर्मचारियों और पत्रकारों को निशाना बनाया जा रहा है, जबकि प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है।

जिला उपाध्यक्ष अभिनव मिश्र ने कहा कि हाल ही में मेमन सिंह जिले के भालुका क्षेत्र में हुई घटना ने मानवता को शर्मसार कर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि दीपू दास नामक एक हिंदू श्रमिक पर ईशनिंदा का झूठा आरोप लगाकर जिहादी भीड़ ने पीट-पीटकर उसकी हत्या कर दी।

जिला संरक्षक बजरंग दल हेमंत पांडेय उर्फ टाइगर बाबा ने आरोप लगाया कि भय फैलाने के उद्देश्य से दीपू दास के शव को पेड़ से लटकाकर जलाया गया और घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित किए गए। उन्होंने कहा कि यह पूरी घटना पुलिस की मौजूदगी में हुई, लेकिन कोई प्रभावी हस्तक्षेप नहीं किया गया।

जिला महामंत्री बीके गुप्ता ने कहा कि बांग्लादेश प्रशासन और समाज की चुप्पी से कट्टरपंथी तत्वों का मनोबल बढ़ रहा है। वहीं बजरंग दल के जिला अध्यक्ष शिवशंकर अग्रहरी ने इसे मानवाधिकारों का खुला उल्लंघन बताते हुए अंतरराष्ट्रीय समुदाय से इस पर संज्ञान लेने की अपील की।

इस अवसर पर राघव सिंह, अरविंद शर्मा, आनंद अग्रहरि, मनीष अग्रहरि, शक्ति निषाद, अभय चौहान, राकेश चौहान, विकास सैनी, ओमप्रकाश अग्रहरि, सुजीत निषाद, आलोक निषाद, अर्जुन निषाद, सनी निषाद, गोलू, आकाश चौहान, शिव अग्रहरि उर्फ शिवम, मिथुन साहनी, दिव्यांश अग्रहरि, प्रियांशु अग्रहरि, राजन प्रताप मिश्र, प्रदुम पांडेय सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।