फाल्गुनी मेला को लेकर श्री लोधेश्वर महादेवा धाम में युद्ध स्तर पर साफ-सफाई

रामनगर बाराबंकी संदेश महल
फाल्गुनी मेले एवं महाशिवरात्रि पर्व को देखते हुए श्री लोधेश्वर महादेवा धाम में व्यापक स्तर पर साफ-सफाई और मरम्मत का कार्य युद्ध स्तर पर किया जा रहा है। ग्राम प्रधान लोधौरा अजय कुमार तिवारी ने बताया कि शिवभक्तों और कांवरियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मेला क्षेत्र में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।उन्होंने बताया कि वर्षों से उपेक्षित पड़े रैन बसेरा की इस बार पूर्ण रूप से साफ-सफाई कराकर रंगाई-पुताई कराई गई है। रैन बसेरा के शौचालयों की मरम्मत कर पानी की टंकी की व्यवस्था की गई है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।इसके अलावा तालाब परिसर से लेकर मेला क्षेत्र के बाहर तक सभी खंभों पर प्रकाश की समुचित व्यवस्था कर दी गई है। नालियों की मरम्मत एवं पेयजल आपूर्ति से जुड़े नालों की भी विशेष रूप से साफ-सफाई कराई जा रही है।ग्राम पंचायत क्षेत्र में निर्माणाधीन शवस्थल को भी पूर्ण रूप से तैयार किया जा रहा है। पटाई से लेकर बाउंड्री निर्माण और रंगाई-पुताई कर शवस्थल को पक्का स्वरूप दिया गया है।
ग्राम प्रधान अजय कुमार तिवारी ने बताया कि 1 फरवरी से शिवभक्तों का आगमन शुरू हो जाएगा, जबकि इस वर्ष 15 फरवरी को महाशिवरात्रि पर्व मनाया जाएगा। इसी को ध्यान में रखते हुए पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और साफ-सफाई से जुड़े सभी कार्य तेज़ी से पूरे किए जा रहे हैं, ताकि आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।