हरियाणा, पंजाब, यूपी के बाद अब त्रिपुरा ने बढ़ाया मदद का हाथ

संदेश महल समाचार
उत्तर भारत में आई प्राकृतिक आपदा के पीड़ितों की मदद के लिए देशभर से राहत सामग्री भेजी जा रही है। हरियाणा, पंजाब और उत्तर प्रदेश के बाद अब पूर्वोत्तर राज्य त्रिपुरा ने भी मदद का हाथ बढ़ाया है। त्रिपुरा सरकार द्वारा भेजे गए तीन ट्रक राहत सामग्री लेकर हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले पहुंचे।
इन ट्रकों में खाद्य सामग्री, दवाइयां, कंबल और अन्य जरूरी वस्तुएं शामिल हैं। राहत सामग्री के स्वागत के दौरान ऊना से विधायक सतपाल सत्ती ने त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह आपदा के समय देश की एकता और आपसी सहयोग का प्रतीक है।
विधायक सत्ती ने कहा, “त्रिपुरा जैसे दूरवर्ती राज्य से इस प्रकार की सहायता मिलना दिल को छू लेने वाला है। इससे यह सिद्ध होता है कि कठिन समय में पूरा देश हिमाचल के साथ खड़ा है।
प्रशासन ने राहत सामग्री को जरूरतमंदों तक पहुंचाने के लिए तत्काल वितरण योजना तैयार कर ली है। जिले के विभिन्न प्रभावित क्षेत्रों में जल्द ही इन वस्तुओं का वितरण किया जाएगा।