फतेहपुर में समेकित शिक्षा का पांच दिवसीय शिक्षक प्रशिक्षण संपन्न

फतेहपुर बाराबंकी संदेश महल
खंड शिक्षा अधिकारी फतेहपुर धर्मेंद्र प्रसाद के निर्देशन में ब्लॉक स्तरीय पांच दिवसीय समेकित शिक्षा शिक्षक प्रशिक्षण कार्यक्रम पूर्व माध्यमिक विद्यालय बिशनपुर में संपन्न हुआ। प्रशिक्षण का उद्देश्य शिक्षकों को दिव्यांग बच्चों की शिक्षा, उनकी आवश्यकताओं और समावेशी शिक्षण पद्धतियों के प्रति जागरूक एवं दक्ष बनाना रहा।प्रशिक्षण के दौरान मास्टर ट्रेनर शंभू दयाल एवं पूर्णिमा मिश्रा ने दिव्यांगता के विभिन्न कारणों और उनके निवारण पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने समेकित शिक्षा के अंतर्गत संचालित विभागीय कैंप, सहायक उपकरणों, दैनिक जीवन कौशल तथा दिव्यांगजन से संबंधित प्रमुख अधिनियमों के बारे में शिक्षकों को जानकारी प्रदान की। साथ ही दिव्यांग बच्चों की शिक्षा से जुड़े प्रश्नों और समस्याओं पर सकारात्मक सुझाव भी साझा किए गए।मास्टर ट्रेनर शंभू दयाल ने बौद्धिक दिव्यांगता तथा आईसीटी के माध्यम से शिक्षण की उपयोगिता पर प्रकाश डाला। वहीं पूर्णिमा मिश्रा ने श्रवण बाधित बच्चों की शिक्षा के संदर्भ में साइन लैंग्वेज के महत्व और उसके व्यवहारिक उपयोग पर विस्तृत जानकारी दी।
प्रशिक्षण सत्र में रमेश चन्द्र श्रीवास्तव ने दृष्टि बाधित बच्चों के शिक्षण संबंधी विषयों पर मार्गदर्शन दिया, जबकि सरस्वती कुशवाहा ने कक्षा संचालन की प्रभावी पद्धतियों के बारे में शिक्षकों को अवगत कराया।इस अवसर पर अफजाल अहमद, कमलेश कुमार वर्मा, मोहम्मद हस्सान, यतेंद्र कुमार, संजय, प्रदीप सिंह, प्रकाश श्रीवास्तव, वैशाली सक्सेना, चांदनी, ऋचा शर्मा, फरीदा बानो, प्रियंका तथा अरोमा अग्रवाल सहित अनेक शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं।
प्रशिक्षण के समापन पर प्रतिभागी शिक्षकों ने समेकित शिक्षा के उद्देश्यों को विद्यालय स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू करने का संकल्प व्यक्त किया।