डीसीएम-कार की भीषण टक्कर में दो पत्रकारों की मौत, दो गंभीर

संतकबीरनगर। संदेश महल समाचार
जिले के खलीलाबाद क्षेत्र में सोमवार भोर एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो पत्रकारों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा डीसीएम और वैगनआर कार की आमने-सामने की भीषण भिड़ंत से हुआ, जिसमें कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग बुरी तरह फंस गए।
जानकारी के अनुसार गोरखपुर से लखनऊ की ओर जा रही एक डीसीएम अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार कर गई और सामने से आ रही वैगनआर कार से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें बैठे लोग अंदर ही फंस गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। इसके बाद सभी घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया।
जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने सूरज मिश्रा 35 पुत्र उमाकांत मिश्रा निवासी सरगरिया और शंभू मिश्रा 45 पुत्र रमाकांत मिश्रा निवासी लखुआ मिश्रा को मृत घोषित कर दिया। दोनों पत्रकार बताए जा रहे हैं।वहीं हादसे में घायल रमन कुमार 42 पुत्र मुन्नीलाल निवासी इंदिरा नगर पडरौना तथा सुदेश मिश्रा 4) पुत्र हंसराज मिश्रा निवासी चिलौना की हालत गंभीर बताई जा रही है और उनका इलाज चल रहा है।बताया जा रहा है कि कार में सवार सभी लोग हिंदी पत्रकार संघ के प्रदेश अध्यक्ष द्वारा आयोजित होली मिलन एवं पत्रकार सम्मान समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया।पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद पत्रकार जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।