रेवदर के कबोईया खेड़ा में युवक पेड़ पर चढ़ा, आत्महत्या की धमकी से मचा हड़कंप

सिरोही राजस्थान संदेश महल समाचार
सिरोही जिले के रेवदर उपखंड क्षेत्र में रविवार की शाम एक युवक के पेड़ पर चढ़कर आत्महत्या की धमकी देने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। मामला भेरूघड़ पंचायत के अधीन आने वाले कबोईया खेड़ा गांव का है।
जानकारी के अनुसार कबोईया खेड़ा निवासी डामरा राम पुत्र कृष्ण राम कोली रविवार की शाम अचानक गांव के पास एक पेड़ पर चढ़ गया और नीचे उतरने से इनकार करते हुए आत्महत्या करने की धमकी देने लगा। घटना की खबर फैलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए।
सूचना मिलने पर मांडार थाना के हेड कांस्टेबल गणेशराम पुलिस जाब्ते के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और युवक को समझाने का प्रयास किया। इसके बाद भटाना प्रशासनिक अधिकारी भवानी सिंह देवड़ा, रेवदर थानाधिकारी सीताराम पंवार, अन्य पुलिस अधिकारी कमलेश कुमार गहलोत, भटाना चौकी प्रभारी फगलूराम विश्नोई तथा पुलिसकर्मी श्रवण कुमार भी जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे।स्थिति को देखते हुए रेवदर तहसीलदार, नायब तहसीलदार और पटवारी भी अपने स्टाफ के साथ मौके पर पहुंचे और युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास शुरू किए। वहीं एम्बुलेंस 108 के चालक अरविंद कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर मौजूद रहे। भटाना के सरकारी अस्पताल के डॉ. ईश्वर सिंह भी अपने स्टाफ के साथ मौके पर पहुंचे, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत उपचार किया जा सके।युवक को मनाने के लिए उसके पिता, माता, पत्नी, चार बच्चे और बहन सहित पूरा परिवार मौके पर मौजूद रहा और लगातार उसे नीचे उतरने के लिए मनाता रहा, लेकिन देर रात तक वह अपनी जिद पर अड़ा रहा।
देर रात तक प्रशासन और परिजनों के सभी प्रयास जारी रहे, लेकिन रात करीब 12 बजे तक युवक को पेड़ से नीचे उतारने में सफलता नहीं मिल सकी। घटना की सूचना उच्च अधिकारियों को भी दे दी गई थी।इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण कबोईया खेड़ा गांव में एकत्र हो गए और पूरे क्षेत्र में घटना चर्चा का विषय बनी रही।जिसे सुबह 5 बजे के करीब प्रसासन ने बड़ी जहमत के बाद नीचे उतारने में सफलता हासिल किया।