समावेशी शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए सहायक अध्यापकों का पांच दिवसीय प्रशिक्षण संपन्न

बाराबंकी संदेश महल समाचार
दिव्यांग बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने तथा नवीन दिव्यांग बच्चों के चिन्हांकन के उद्देश्य से ब्लॉक संसाधन केंद्र बड़ेल, विकास खंड बंकी में सहायक अध्यापकों का पांच दिवसीय प्रशिक्षण सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। यह प्रशिक्षण 12 मार्च से 16 मार्च तक आयोजित किया गया, जिसमें ब्लॉक के लगभग 100 सहायक अध्यापकों ने भाग लिया।कार्यक्रम का आयोजन जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी नवीन कुमार पाठक के आदेशानुसार तथा खंड शिक्षा अधिकारी बंकी चन्द्र शेखर यादव एवं जिला समन्वयक समेकित शिक्षा सुधा जायसवाल के निर्देशन में किया गया।प्रशिक्षण के दौरान प्रशिक्षक नीरज मिश्रा, राज नारायण, निर्मल कुमार तथा कीर्ति श्रीवास्तव ने दिव्यांगता के कारण एवं निवारण, दिव्यांग बच्चों की पहचान, संबंधित अधिनियम, समावेशी शिक्षा की अवधारणा तथा विद्यालय स्तर पर दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए आवश्यक सहयोगात्मक उपायों पर विस्तृत जानकारी दी।कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागी अध्यापकों का पोस्ट टेस्ट भी कराया गया तथा ज्ञान समीक्षा एप के माध्यम से उनकी उपस्थिति और फीडबैक दर्ज कराया गया।
प्रशिक्षण के माध्यम से शिक्षकों को दिव्यांग विद्यार्थियों की पहचान, उनके अनुकूल शिक्षण पद्धतियों तथा उन्हें मुख्यधारा की शिक्षा से जोड़ने के व्यावहारिक उपायों की जानकारी प्रदान की गई, जिससे विद्यालयों में समावेशी शिक्षा को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।