जैसलमेर राजस्थान संदेश महल
लिपस्टिक से तंज लिखने वाला चोर गिरफ्तार मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। राजस्थान के जैसलमेर में एक अनोखे अंदाज में चोरी करने वाले शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जो हर वारदात के बाद दीवारों पर लिपस्टिक से तंज भरे संदेश लिखकर पुलिस को चुनौती देता था।
मामला जैसलमेर शहर की आईजीएनपी कॉलोनी का है, जहां 31 जनवरी की रात सहायक अभियंता सोहन जांगिड़ के सरकारी आवास में चोरी की घटना हुई थी। आरोपी ने घर का ताला तोड़कर लैपटॉप, टीवी, परफ्यूम और कपड़ों समेत कई कीमती सामान चोरी कर लिया।
हालांकि, इस चोरी से ज्यादा चर्चा उस संदेश की रही, जो आरोपी ने घर में पड़ी लिपस्टिक से दीवार पर लिखा था। उसने लिखा— “घर में दारू रख रहे हो तो साथ में आलू चिप्स भी रखा करो” और पुलिस पर तंज कसते हुए लिखा कि “थाने में शिकायत करोगे तो वक्त बर्बाद होगा, रिपोर्ट मत करना।
‘बिहारी बाबू’ नाम से देता था चुनौती
खुद को “बिहारी बाबू” बताने वाला यह चोर वारदात के बाद मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने इस मामले को चुनौती के रूप में लेते हुए मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया और लगातार जांच के बाद आरोपी तक पहुंच बनाई।
पुलिस ने जोधपुर जिले में दबिश देकर 39 वर्षीय तेजाराम सुथार को गिरफ्तार किया और उसे जैसलमेर लाया गया। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात कबूल कर ली है।
बरामद हुआ सामान, बाकी की तलाश जारी
पुलिस के अनुसार आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया लैपटॉप बरामद कर लिया गया है, जबकि अन्य सामान की बरामदगी के प्रयास जारी हैं।
पहले से 18 मामलों में आरोपी
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ पहले से 18 चोरी के मामले दर्ज हैं। वह हर बार चोरी के बाद पकड़ा जाता है और अपराध कबूल कर लेता है, लेकिन सजा पूरी होने के बाद फिर से वारदात को अंजाम देता है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी का तरीका भी बेहद अलग है। वह चोरी के दौरान घर में आराम से समय बिताता है, खाने-पीने की चीजों का इस्तेमाल करता है और फिर सामान लेकर फरार हो जाता है।
फिलहाल पुलिस आरोपी को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है, ताकि बाकी चोरी के सामान की बरामदगी की जा सके। जैसलमेर पुलिस की इस कार्रवाई के बाद इस अनोखे अंदाज में चोरी करने वाले आरोपी की कहानी चर्चा का विषय बनी हुई है।