आगरा संदेश महल समाचार। शहर में एक युवक को संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने का मामला सामने आया है। घटना एकता थाना क्षेत्र के सेमरी का ताल इलाके की है, जहां ढाबे पर काम करने वाले 22 वर्षीय युवक राहुल शर्मा के पैर में गोली लग गई। पुलिस ने उसे तुरंत एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
घायल युवक की मां ने एक सरकारी शिक्षक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि शिक्षक की पत्नी ने उनके बेटे को प्रेमजाल में फंसा लिया था और मिलने से मना करने पर उसे धमकाया जाता था। आरोप है कि इसी विवाद के चलते शिक्षक ने युवक को घर के पास बुलाकर गोली मार दी।
पीड़ित परिवार के अनुसार, पहले भी शिक्षक द्वारा युवक के साथ मारपीट की घटनाएं हो चुकी हैं। घटना की रात करीब 9 बजे युवक ने फोन पर अपनी मां को गोली मारने की जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस को सूचना देकर उसे अस्पताल पहुंचाया गया।
वहीं पुलिस का कहना है कि मामला संदिग्ध है और हर पहलू से जांच की जा रही है। थाना प्रभारी के अनुसार, मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
परिजनों ने यह भी आरोप लगाया है कि थाने में पूछताछ के दौरान आरोपी पक्ष मौजूद रहा और पुलिस युवक पर खुद को गोली मारने का बयान देने का दबाव बना रही है। फिलहाल पुलिस इन आरोपों की भी जांच कर रही है।