हीराराम सैन सिरोही राजस्थान संदेश महल समाचार
भटाना ग्राम में पटवारी की मनमानी के चलते सहकारी समिति पिछले तीन वर्षों से परेशान नजर आ रही है। जानकारी के अनुसार, करीब तीन साल पहले पटवार भवन जर्जर हो जाने के बाद ग्राम सेवा सहकारी समिति ने अस्थायी व्यवस्था के तौर पर पटवारी को बैठने के लिए एक कमरा उपलब्ध कराया था। लेकिन लंबे समय बीत जाने के बाद भी यह कमरा खाली नहीं किया गया है।
इस मामले में जब जिला सिरोही ग्राम सेवा सहकारी समिति के मुख्य प्रबंधक पुनमा राम से बात की गई तो उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि कोई पटवारी समिति के कमरे में बिना किराये के बैठता है, तो यह नियमों के विरुद्ध है। उन्होंने बताया कि मामले में संबंधित अधिकारी से तथ्यात्मक रिपोर्ट मांगी गई है और रिपोर्ट आने के बाद उचित कार्रवाई करते हुए कमरा खाली कराया जाएगा तथा किराया वसूला जाएगा।
वहीं, भटाना सहकारी समिति के अध्यक्ष गुलाब सिंह ने बताया कि पटवारी को शुक्रवार तक कमरा खाली करने के निर्देश दिए गए हैं। यदि तय समय तक कमरा खाली नहीं किया जाता, तो कानूनी कार्रवाई करते हुए कमरा खाली कराया जाएगा और बकाया किराया भी वसूला जाएगा।
दूसरी ओर, पटवारी कुलदीप सिंह राजपुरोहित का कहना है कि जब तक वैकल्पिक व्यवस्था नहीं होती, तब तक वह कमरा खाली नहीं करेंगे।
स्थानीय लोगों का कहना है कि समिति ने पहले इसी कमरे का करीब 1000 रुपये प्रति माह के हिसाब से किराया लिया था। ऐसे में तीन वर्षों में समिति को लगभग 36,000 रुपये का नुकसान हुआ है। अब यह देखना होगा कि समिति यह राशि वसूल पाती है या नहीं।
यह मामला अब प्रशासनिक कार्रवाई की ओर बढ़ता नजर आ रहा है और ग्रामीणों की नजर आगामी कदमों पर टिकी हुई है।
