रेवदर की ग्राम रथ रात्रि चौपाल में मंत्री के.के. विश्नोई ने किया लाभार्थियों का सम्मान

सिरोही/रेवदर संदेश महल समाचार

सिरोही जिले के रेवदर क्षेत्र के गुलाबगंज गांव में आयोजित ग्राम रथ रात्रि चौपाल कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री के.के. विश्नोई ने विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को सम्मानित कर सामग्री वितरित की। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही लाभ प्रदान किया गया।
रात्रि चौपाल में सोलर ऊर्जा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 5 सोलर संचालित चूल्हों का वितरण किया गया। वहीं ग्राम पंचायत की ओर से 6 लोगों को भूमि पट्टे प्रदान किए गए। सोलर ऊर्जा प्लांट सब्सिडी योजना के तहत लाभ प्राप्त करने वाले 11 लाभार्थियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत 5 लाभार्थियों को भी योजना का लाभ प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के दौरान खास बात यह रही कि रात्रि चौपाल में ग्रामीणों की ओर से कोई बड़ी समस्या सामने नहीं आई। अधिकारियों ने इसे प्रशासनिक व्यवस्थाओं और पूर्व में किए गए समाधान का सकारात्मक परिणाम बताया।
इस अवसर पर जिला कलेक्टर आर.एस. तोमर, जिला प्रमुख अर्जुन भाई पुरोहित, पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र सिंह राठौर, रेवदर उपखंड अधिकारी राजन कुमार लोहिया, डीएसपी मनोज कुमार, सरपंच निरमा देवी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
कार्यक्रम सम्पन्न होने के बाद प्रभारी मंत्री के.के. विश्नोई ने अधिकारियों से योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और ग्रामीणों को समय पर लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए।