भटाना में पटवारी पर रिश्वत मांगने के आरोप, 181 पोर्टल पर शिकायत दर्ज

सिरोही/भटाना। सिरोही जिले के भटाना गांव में राजस्व विभाग से जुड़ा एक मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। यहां भटाना पटवारी पर नामांतरण (म्यूटेशन) भरने की एवज में रिश्वत मांगने के आरोप लगे हैं। आरोपों से परेशान होकर प्रार्थी ने राजस्थान सरकार के जनसुनवाई पोर्टल 181 पर शिकायत दर्ज कर निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, प्रार्थी सोहनलाल ने शिकायत में बताया कि दयालाल पुरोहित एवं उनके चार भाइयों के नाम दर्ज भूमि का नामांतरण पिछले करीब तीन माह से लंबित पड़ा हुआ है। आरोप है कि संबंधित पटवारी कुलदीप सिंह से पहले 5 हजार रुपये दिए जा चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद अब अतिरिक्त 10 हजार रुपये की मांग की जा रही है।
शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि रिश्वत की राशि नहीं देने पर नामांतरण प्रक्रिया को जानबूझकर लंबित रखा जा रहा है। प्रार्थी पक्ष ने मामले की निष्पक्ष जांच कर संबंधित पटवारी को निलंबित करने और तत्काल हटाने की मांग प्रशासन से की है।
मामले ने उस समय और तूल पकड़ लिया जब सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया, जिसमें कथित रूप से जिला कलेक्टर और रेवदर एसडीएम को लेकर भी आपत्तिजनक बयान दिए जाने की बात कही जा रही है। हालांकि इस वीडियो की सत्यता की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
अब क्षेत्र में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग प्रशासन की कार्रवाई पर नजर बनाए हुए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो यह राजस्व व्यवस्था की पारदर्शिता पर बड़ा सवाल खड़ा करता है।
फिलहाल प्रशासन की ओर से मामले में आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, लेकिन शिकायत दर्ज होने के बाद जांच की संभावना जताई जा रही है।