सार्वजनिक लाइब्रेरी में 2 टन एसी की सौगात देने वाले भामाशाह का हुआ सम्मान

सिरोही/भटाना राजस्थान संदेश महल समाचार
भटाना गांव की सार्वजनिक लाइब्रेरी में 2 टन का एसी लगाने की घोषणा करने वाले भामाशाह श्री जीवाराम चौधरी का शुक्रवार को ग्रामवासियों एवं विकास मंच की ओर से सम्मान किया गया। कार्यक्रम का आयोजन लाइब्रेरी भवन में भटाना पंचायत प्रशासक भवानी सिंह देवड़ा के आग्रह पर किया गया।
इस दौरान श्री बाबूलाल राजपुरोहित ने जीवाराम चौधरी को साफा पहनाकर स्वागत एवं अभिनंदन किया। सम्मान से अभिभूत होकर जीवाराम चौधरी ने भविष्य में भी भटाना गांव के सार्वजनिक कार्यों और किसी भी बड़ी आपातकालीन समस्या में हमेशा ग्रामीणों के साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया।
भटाना पंचायत प्रशासक भवानी सिंह देवड़ा ने भामाशाह की सराहना करते हुए कहा कि गांव के विकास और विद्यार्थियों की सुविधाओं के लिए उनका योगदान प्रेरणादायक है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी इसी प्रकार समाजहित के कार्यों में सहयोग मिलता रहेगा।
कार्यक्रम में विकास मंच के रमेश भाई पुरोहित, कमल गुर्जर, गोविंद भाई पुरोहित, शांतिलाल रावल, खंगार देवासी, कांतिलाल रावल, अशोक पुरोहित, परबत सिंह, गणेश पुरोहित, भिखाराम चौधरी, कैलाश मेघवाल, चौपा राम मेघवाल, नीमराम पुरोहित, रतनाराम रबारी (भोपाजी) सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
ग्रामीणों ने जीवाराम चौधरी और भवानी सिंह देवड़ा का आभार व्यक्त करते हुए इसे शिक्षा और सामाजिक विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।