फतेहपुर संदेश महल समाचार
जनपद फतेहपुर के ललौली थाना क्षेत्र में सोमवार को दर्दनाक हादसा हो गया। कुनुहा का डेरा गांव के पास रिंध नदी में नहाने गए छह युवक तेज बहाव की चपेट में आकर डूब गए। हादसे में चार युवकों की मौत हो गई, जबकि दो युवकों को सुरक्षित बचा लिया गया।
जानकारी के अनुसार सभी युवक नदी में नहाने गए थे। इसी दौरान पानी का बहाव तेज होने से वे गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची और तुरंत रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया।
अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञान प्रकाश राय ने बताया कि पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से सभी छह युवकों को नदी से बाहर निकाला। इनमें दो युवकों की जान बचा ली गई, जिनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
वहीं चार युवकों को सीएचसी बिंदकी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया है और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
पुलिस प्रशासन ने बताया कि मृतकों के परिजनों को सरकारी सहायता और मुआवजे से संबंधित जानकारी दी जा रही है। साथ ही मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई भी की जा रही है।