आंधी के थपेड़ों से पक्की दीवार गिरी, महिला की मौत, पति समेत तीन बच्चे घायल

पिसावा/सीतापुर, संदेश महल।
क्षेत्र में सोमवार रात आई तेज आंधी एक परिवार के लिए काल बन गई। आंधी के तेज थपेड़ों से पक्की दीवार गिरने से उसके नीचे सो रहा पूरा परिवार दब गया। हादसे में महिला की मौत हो गई, जबकि पति सहित तीन बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के बराहमऊ खुर्द निवासी सकील अपनी पत्नी किस्मत जहां (35) और बच्चों अमन, अहद व समन के साथ घर में सो रहे थे। सोमवार रात करीब 10 बजे अचानक तेज आंधी आई, जिससे मकान की पक्की दीवार भरभराकर गिर गई। दीवार गिरते ही पूरा परिवार उसके नीचे दब गया और चीख-पुकार मच गई।
आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को बाहर निकालकर एंबुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिसावा भेजा। बताया जाता है कि अस्पताल परिसर में बरगद का पेड़ गिर जाने से रास्ता अवरुद्ध हो गया था, जिसके चलते घायलों को महोली स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद किस्मत जहां को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल सकील और तीनों बच्चों की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही थाना पिसावा पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है।